Thursday, March 2, 2017

लाईलाज

-वीर विनोद छाबड़ा
यों तो महिलाओं से उनकी उम्र पूछना तहज़ीब के दायरे में नहीं है। लेकिन डॉक्टर की तो मज़बूरी है।
गंगा-जमनी तहज़ीब और इल्मो-ओ-अदब के मरकज़ लखनऊ में पढ़े उस नौजवान डॉक्टर ने चेकअप के लिए एक दिलकश भद्र महिला से उसकी उम्र नहीं पूछी। अंदाज़ से उम्र लिखी - ४५ साल।
लेकिन उस भद्र महिला ने खुलासा किया  - नहीं, मैं वास्तव में ७५ बरस की हूं।
वो डॉक्टर बहुत हैरान-परेशान हुआ। अब तक तो जितनी महिलाओं से वास्ता पड़ा, किसी ने भी सही उम्र नहीं बताई। और एक यह हैं कि ४५ की दिखती हैं और ७५ बता रही हैं। मेरा क्या बिगड़ता है?
बहरहाल, डॉक्टर ने उसका चेकअप किया।
भद्र महिला ने हर सवाल का सही सही जवाब दिया।
थोड़ी ही देर बाद वो भद्र महिला चीखती हुई डॉक्टर के केबिन से निकल कर बाहर भागी।
उसे यों बहदवास चीखते और भागते हुए देख कर उधर से गुज़रते तमाम लोग सकपका गए। सब रुक गए। एक सीनियर डॉक्टर ने उस महिला को रोका। माज़रा जानकर उन्हें भी गुस्सा आया।
उन्होंने फ़ौरन उस नौजवान डॉक्टर को अपने केबिन में तलब किया और उसे डांटते हुए कहा - लगता है तुम्हारा दिमाग ख़राब है। तुमने इन ७५ साल की मोहतरमा से यह क्यों कहा कि वो मां बनने वाली हैं? फ़ौरन इनसे माफ़ी मांगो।
नौजवान डॉक्टर ने सर झुका कर सफाई दी - सर, गुस्ताख़ी माफ़ हो। मैं इनसे माफ़ी तो मांग लूंगा। लेकिन पहले यह बताना ज़रूरी है कि मैंने इन्हें प्रेग्नेंट क्यों कहा।
सीनियर डॉक्टर ने जिज्ञासा प्रकट की - हां हां बिलकुल बताओ।
नौजवाब डॉक्टर ने बताया - सर, कभी-कभी मरीज़ का इलाज़ करने के लिए झूठ भी बोलना पड़ता है।

सीनियर डॉक्टर को हैरानी हुई - व्हाट डू यू मीन?
नौज़वान डॉक्टर ने अपना बयान ज़ारी रखा - इन फैक्ट, इन मोहतरमा को कोई बीमारी ही नहीं है। मैंने लाख समझाया, मगर आप मानीं ही नहीं। तब मैंने इनको झूठ-मूठ कहा कि आप मां बनने वाली हैं।
सीनियर डॉक्टर इस सफाई से संतुष्ट नहीं हुए - लेकिन इतना भद्दा झूठ क्यों बोला? इसके पीछे मक़सद क्या है?
नौजवान डॉक्टर ने मासूमियत से कहा - सर, अगर मैं ऐसा न कहता तो पिछले तीन दिन से इन्हें आ रही हिचकी बंद नहीं होती।
यह सुनते ही उस भद्र महिला को फिर से हिचकी आनी शुरू हो गई।
---
Above article based on a joke.
---
02-03-2017 mob 7505663626
D-2290 Indira Nagar
Lucknow - 226016



No comments:

Post a Comment